IAS अधिकारियों से सेटिंग का झांसा, फर्जी जॉइनिंग लेटर भेजकर बनाया शिकार — कार्रवाई की मांग तेज
उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए जाल बिछाकर एक युवक को अपना शिकार बनाया और उससे करीब ₹1.5 लाख रुपये ऐंठ लिए।

पीड़ित युवक को आरोपियों ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उन्होंने खुद को सचिवालय से जुड़ा बताते हुए यह दावा किया कि उनकी IAS अधिकारियों से अच्छी सेटिंग है, जिसके जरिए वे आसानी से नौकरी लगवा सकते हैं। झांसे में आए युवक से अलग-अलग बहानों से पैसे वसूले गए।

आरोप है कि ठगों ने फर्जी जॉइनिंग लेटर और संदिग्ध लिंक भेजकर युवक को पूरी तरह विश्वास में ले लिया। जब युवक को ठगी का अहसास हुआ और उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया और उस पर दबाव बनाने की कोशिश की।
यहां तक कि FIR दर्ज कराने की चेतावनी देने के बावजूद आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इस घटना के बाद पीड़ित की मानसिक स्थिति भी बिगड़ गई है, जिससे उसके परिवार में चिंता का माहौल है।
मामले के सामने आने के बाद अब स्थानीय लोगों में आक्रोश है और ठगी के इस नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। सवाल यह है कि आखिर पुलिस इस संगठित ठगी गिरोह पर कब शिकंजा कसेगी।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar