मेले से लौट रहे थे मोहम्मद रईस, परिवार का इकलौता सहारा था—पांच बेटियों और छोटे बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
कर्नलगंज-कटरा रोड पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गौरव खुर्द स्थित गौरव एजेंसी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डीसीएम से टकराने के बाद युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान मोहम्मद रईस (पुत्र मोहम्मद वारिस), निवासी नई बाजार, कर्नलगंज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रईस बलरामपुर मेले में चूड़ी बेचने गए थे और सुबह तड़के घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डीसीएम से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा बेहद तेज रफ्तार और अचानक हुआ।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। परिवार में उनकी पांच बेटियां हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटे बच्चे भी हैं। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया गया। कर्नलगंज कोतवाल नरेंद्र राय ने बताया कि डीसीएम और उसके चालक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar