जालौन, उत्तर प्रदेश।
Jalaun के थाना रामपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिर्जापुरा जागीर में देर रात पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। घटना में एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कैलाश चतुर्वेदी (35) अपने पिता जय नारायण चतुर्वेदी और छोटे भाई गुड्डू के साथ खेत पर गेहूं के गट्ठर एकत्र कर रहे थे। इसी दौरान उनका भाई जितेंद्र चतुर्वेदी उर्फ अल्लू (30) वहां पहुंचा। आरोप है कि वह 12 बोर के तमंचे के साथ आया और गाली-गलौज करते हुए बड़े भाई कैलाश पर फायर कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बड़े बेटे की हत्या से आक्रोशित पिता जय नारायण और छोटे भाई गुड्डू ने आरोपी जितेंद्र को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस तरह देखते ही देखते खेत दो भाइयों के खून से लाल हो गया।
बताया जा रहा है कि तीनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जो इस खूनी घटना की मुख्य वजह बना।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पिता जय नारायण और छोटे भाई गुड्डू को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar