रिपोर्ट: अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज, उत्तर प्रदेश।
Kannauj में उ0प्र0 होमगार्ड इनरोलमेंट-2025 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर नोडल अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा सहायक और कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
तीन दिवसीय यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। जिले के 8 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2208 परीक्षार्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश का समय प्रथम पाली के लिए सुबह 8:30 से 9:30 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूरी परीक्षा CCTV कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी। साथ ही, परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। कक्ष निरीक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि परीक्षा की पारदर्शिता बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा ताकि कोई भी वर्जित सामग्री परीक्षा केंद्र में न पहुंच सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उपजिलाधिकारी कन्नौज, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar