रिपोर्ट: अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज, उत्तर प्रदेश।
Kannauj के सरदापुर गांव में बीती रात करीब एक बजे अज्ञात कारणों से लगी आग ने दो परिवारों को बेघर कर दिया। आग की चपेट में आकर दो झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं और गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, सौरिख-छिबरामऊ रोड स्थित गांव सरदापुर में सड़क किनारे शमशेर खान पुत्र शहजादे और मुन्ना पुत्र सिकंदर की झोपड़ियां थीं। रात में खाना खाने के बाद दोनों परिवार सो रहे थे, तभी अचानक शमशेर की झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में स्थित मुन्ना की झोपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग के दौरान झोपड़ी में रखा सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी और पास में लगे सबमर्सिबल की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
इस हादसे में शमशेर के बच्चों की किताबें और घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। वहीं मुन्ना की झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान, करीब 7 हजार रुपये नकद और 25-30 जोड़ी ग्राहकों के कपड़े भी जल गए। मुन्ना की बेटी रेशमा घर पर सिलाई का काम करती थी, जिससे परिवार की आजीविका चलती थी।
आग के बाद दोनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल शिवानी मौके पर पहुंचीं और नुकसान का जायजा लेकर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों को शासन स्तर से मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar