मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने प्रदेशभर से आए लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का कर्तव्य है और सरकार अपने कर्तव्य पथ पर चलते हुए प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि हर जरूरतमंद को योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
‘जनता दर्शन’ में बरेली की दीप्ति भी पहुंचीं, जिन्होंने आर्थिक तंगी और बच्चों के पालन-पोषण की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी।
इस पर सीएम ने जिलाधिकारी बरेली को पीएम स्वनिधि योजना के तहत त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता से प्रभावित होकर महिला भावुक हो गई और उन्होंने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कुछ लोगों ने आवास की मांग भी रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने पात्र लोगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कुछ मामलों में इलाज और आर्थिक सहायता की मांग पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्यवाही कर रिपोर्ट शासन को भेजने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज की चिंता सरकार करेगी और परिवार केवल अपने परिजन की देखभाल करे।
इसके साथ ही बच्चों की शिक्षा से जुड़े मामलों में उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए।
अवैध कब्जों और पुलिस से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और पीड़ितों की समस्या के समाधान को प्राथमिकता देने को कहा।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar