Breaking News
Home / BREAKING NEWS / श्रावस्ती-इकौना में अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल, पेट्रोल-डीजल संकट बना वजह

श्रावस्ती-इकौना में अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल, पेट्रोल-डीजल संकट बना वजह


श्रावस्ती जनपद के इकौना तहसील में अधिवक्ता संघ ने डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता में आ रही समस्या को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ के पदाधिकारियों द्वारा प्रशासन को दिए गए मांग पत्र पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से अधिवक्ताओं ने समस्त न्यायालयों का बहिष्कार कर दिया है।

अधिवक्ता संघ अध्यक्ष उदयराज पांडे ने बताया कि तहसील क्षेत्र के अधिवक्ता रोजाना अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों से न्यायालय पहुंचते हैं, जिसके लिए पेट्रोल-डीजल अत्यंत आवश्यक है। लेकिन नेशनल हाईवे स्थित पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ के कारण उन्हें लंबी कतारों में लगना पड़ता है, जिससे वे समय पर न्यायालय नहीं पहुंच पाते। इसका सीधा असर वादकारियों पर पड़ रहा है और कई मामलों में समय पर पेशी न होने से मुकदमे खारिज हो रहे हैं।

संघ के महामंत्री राजेंद्र कुमार मिश्रा के अनुसार, पिछले दो दिनों से अधिवक्ता इस समस्या को लेकर प्रशासन से समाधान की मांग कर रहे थे। उन्होंने उपजिलाधिकारी इकौना से अनुरोध किया था कि अधिवक्ताओं को बिना लाइन के पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने के लिए पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया जाए, लेकिन इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया।

इसी के विरोध में अधिवक्ता संघ ने बैठक कर अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया। संघ ने यह भी मांग की है कि जिला मुख्यालय की तरह इकौना तहसील के अधिवक्ताओं को भी पेट्रोल पंपों पर विशेष सुविधा दी जाए।

चेतावनी देते हुए अधिवक्ताओं ने कहा है कि यदि रविवार शाम तक कोई समाधान नहीं निकला, तो सोमवार से वे चक्का जाम और गेट बंद आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

About One India 24 Live

Check Also

लखनऊ में क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन का शुभारंभ, किसानों के उत्थान पर जोर

🔊 पोस्ट को सुनें लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *