गोण्डा। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कर्नलगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे व निशानदेही से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दवाच्यॉ के नेतृत्व में थाना कोतवाली कर्नलगंज पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 18 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक शिवनाथ गुप्ता अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन कर्नलगंज से कटरा बाजार मार्ग पर गाड़ी बाजार के पास मौजूद थे। इसी दौरान संदिग्ध युवक कन्हैया वर्मा (19) निवासी भुडुकगंज धनावा थाना परसपुर को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह वाहन चोरी की घटनाओं में लिप्त रहा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो चोरी की मोटरसाइकिलें—एक हीरो सुपर स्प्लेंडर (UP43 BP 3377) तथा एक बजाज प्लेटिना (UP 43 J 9216)—बरामद कीं। जांच में सामने आया कि स्प्लेंडर बाइक थाना कटरा बाजार में पूर्व में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है।
अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि वह पूर्व में बहराइच जनपद में भी वाहन चोरी की घटनाएं कर चुका है और चोरी की गई मोटरसाइकिलों को नेपाल में बेचकर अपना खर्च चलाता था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली कर्नलगंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवनाथ गुप्ता, उपनिरीक्षक राजेश पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar