गोण्डा। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में नंबर प्लेट छिपाकर या अस्पष्ट कर चलने वाले ट्रक, डंपर समेत अन्य वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की। इस दौरान कुल 1811 ट्रक और डंपर वाहनों की जांच की गई, जिनमें 446 वाहनों में नंबर प्लेट संबंधी अनियमितताएं और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान किया गया।

पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से कुल 10 लाख 91 हजार 600 रुपये का शमन शुल्क भी वसूल किया। वहीं गंभीर अनियमितताओं के चलते 26 वाहनों को सीज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पष्ट नंबर प्लेट लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar