“सोमनाथ स्वाभिमान पर्व”
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के भव्य आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक
* आस्था, संस्कृति और आत्मगौरव का प्रतीक है ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व।
* 19 अप्रैल को जनपद के सभी शिवालयों में भजन, रुद्राभिषेक, महाआरती और दीपोत्सव के निर्देश।
* श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता—सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध व सुव्यवस्थित रखने के निर्देश।
* कन्नौज के लिए ऐतिहासिक, अनुकरणीय और स्मरणीय बनेगा यह आयोजन-डीएम।
RIPORT- अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के आयोजन एवं सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के सफल संचालन के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पर्व को श्रद्धा, भव्यता, सुव्यवस्था एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारत की आस्था, संस्कृति, परंपरा और आत्मगौरव का प्रतीक है। सोमनाथ मंदिर की हजार वर्षों की अविचलित यात्रा तथा मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह पर्व विशेष श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया जाएगा।
डीएम ने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि 19 अप्रैल 2026 को जनपद के समस्त शिवालयों में भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन, दीपोत्सव, सामूहिक मंत्रोच्चार, ओंकार जाप तथा “सोमनाथ संकल्प संवाद” जैसे कार्यक्रम जनभागीदारी के साथ आयोजित कराए जाएं। प्रत्येक शिवालय हेतु नोडल अधिकारी नामित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए, जिससे आयोजन स्थल स्वच्छ, सुसज्जित एवं आध्यात्मिक वातावरण से परिपूर्ण हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के अंतर्गत 18 अप्रैल 2026 को चयनित तीर्थयात्रियों का लखनऊ आगमन सुनिश्चित किया जाएगा। 19 अप्रैल 2026 को लखनऊ में कार्यक्रम के उपरांत यात्रा सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेगी। 21 अप्रैल 2026 को यात्रा का सोमनाथ, गुजरात में आगमन होगा। 22 एवं 23 अप्रैल 2026 को तीर्थयात्री सोमनाथ में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों—सोमनाथ संकल्प संवाद, मंदिर एवं परिसर दर्शन, लाइट एंड साउंड शो, सोमनाथ संग्रहालय भ्रमण, भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन, दीपोत्सव एवं स्थानीय दर्शनीय स्थलों के भ्रमण—में सहभागिता करेंगे। 24 अप्रैल 2026 को यात्रा सोमनाथ से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया जाए, जो यात्रियों के आवागमन, समन्वय एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे तथा यात्रा के दौरान अपने जनपद के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा रेल विभाग से समन्वय स्थापित कर यात्रा की व्यवस्था कराई जाएगी, जिसमें पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य विभाग सहयोग प्रदान करेंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुनिश्चित की जाएं, ताकि यह आयोजन जनपद कन्नौज के लिए ऐतिहासिक, अनुकरणीय एवं स्मरणीय अवसर सिद्ध हो।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, उप जिलाधिकारी तिर्वा राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी छिबरामऊ ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, डी.सी.एनआरएलएम राजकुमार लोधी, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ एम0 मकबूल सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar