:
ऑल इंडिया सिने वर्कर एसोसिएशन (AICWA) ने अभिनेता राजपाल यादव का मज़ाक उड़ाए जाने की कड़ी निंदा की है। संगठन ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य बताया है।
AICWA ने अपने बयान में कहा कि राजपाल यादव हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के एक सम्मानित कलाकार हैं, जिन्होंने वर्षों तक अपने अभिनय से देशभर के दर्शकों का दिल जीता है और इंडस्ट्री में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संगठन ने यह भी कहा कि हर कलाकार के जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन इससे उनके सम्मान में कोई कमी नहीं आनी चाहिए।
बयान में अमिताभ बच्चन का उदाहरण देते हुए कहा गया कि सदी के महानायक ने भी कठिन दौर देखा है, बावजूद इसके उनका सम्मान हमेशा बरकरार रहा।
AICWA ने अवॉर्ड शो के दौरान की गई उस टिप्पणी की भी आलोचना की, जिसमें कहा गया — “डॉलर और रुपये में चाहे जितना उतार-चढ़ाव आए, आपको अपना कर्ज़ तो चुकाना ही पड़ेगा”। संगठन ने इसे हास्य नहीं बल्कि अपमान करार दिया और कहा कि इस तरह की टिप्पणियां इंडस्ट्री की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं।
संगठन ने आगे कहा कि राजपाल यादव इस समय भले ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हों, लेकिन यह दौर अस्थायी है और उनका भविष्य बेहतर होगा। उन्होंने अपने अभिनय से लोगों को हंसाया है और मुश्किल समय में भी दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान लाई है।
AICWA ने यह भी कहा कि राजपाल यादव की चुप्पी को उनकी कमजोरी समझना गलत है, बल्कि यही उनकी असली ताकत है। अंत में संगठन ने स्पष्ट किया कि वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है और उनकी गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar