गोण्डा। जिले के कर्नलगंज क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आवारा सांड के हमले में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और गुस्से का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली कर्नलगंज के कुतुबपुर कांधी गांव में 12 वर्षीय अमन अपने साथियों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा सांड अचानक वहां पहुंच गया और बच्चे पर हमला कर दिया। सांड ने अमन को पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar