दहेज हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, परसपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पत्नी की हत्या का आरोप, भौरीगंज मोड़ से दबोचा गया अभियुक्त
गोण्डा जनपद के थाना परसपुर क्षेत्र में दहेज हत्या के एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दवाच्याँ के नेतृत्व में परसपुर पुलिस ने वांछित अभियुक्त मनोज यादव को भौरीगंज मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना परसपुर में दर्ज मु0अ0सं0-143/2026 से संबंधित है, जिसमें धारा 85/80(2) बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जनपद के थाना टिकैतनगर क्षेत्र निवासी जिलेदार यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री मनीषा की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व मनोज यादव से हुई थी। विवाह के बाद से ही आरोपी मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित करता था।
आरोप है कि 6 अप्रैल 2026 को दहेज की मांग को लेकर आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस संबंध में 7 अप्रैल को थाना परसपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकित सिंह, कांस्टेबल लालबहादुर यादव और कांस्टेबल अभिमन्यु भारती की टीम शामिल रही।
इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग दहेज प्रथा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar