झांसी।
रक्सा थाना क्षेत्र स्थित लगभग 500 वर्ष पुराने शिव मंदिर में खुदाई के दौरान ब्रिटिश कालीन सिक्के मिलने का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में गड्ढा मिलने के बाद क्षेत्र में धन निकाले जाने की अफवाह फैल गई, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि बीते दिनों मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने एक गड्ढा देखा, जिसके बाद कस्बे में मंदिर से धन निकाले जाने की चर्चाएं शुरू हो गईं। अफवाह फैलने पर आसपास के ग्रामीणों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची। कुछ लोगों ने थाने में शिकायती पत्र देकर पुरातत्व विभाग से सर्वेक्षण कराने की मांग की।
सूचना पर पुरातत्व विभाग की टीम ने शिव मंदिर का निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व उप अधीक्षक समीर दीवान कर रहे थे, जबकि टीम में आशुतोष जायसवाल और राजेश सावलकर भी शामिल रहे। जांच के दौरान गड्ढे में रखे एक घड़े को निकाला गया, जिसमें कुल सात तांबे के सिक्के पाए गए। इनमें से दो सिक्के ब्रिटिश कालीन और पांच सिंधिया राजघराने के बताए जा रहे हैं।
पुरातत्व विभाग की टीम सिक्कों को अपने साथ ले गई है। उप अधीक्षक समीर दीवान के अनुसार, सिक्कों की जांच की जा रही है और रासायनिक परीक्षण के बाद विस्तृत जानकारी ग्रामीणों और प्रशासन को दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में मौजूद रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar