गोण्डा- कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र में रामचरितमानस के रचयिता महाकवि गोस्वामी तुलसीदास के नाम पर विश्वविद्यालय के निर्माण का ऐलान किया गया है। यह घोषणा कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी एवं 2027 विधानसभा चुनाव के संभावित उम्मीदवार त्रिलोकी नाथ तिवारी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान की।
प्रेस वार्ता में त्रिलोकी नाथ तिवारी ने दावा किया कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में कर्नलगंज क्षेत्र की जनता उन्हें विधायक के रूप में चुनती है, तो वह चुनाव जीतने के एक माह के भीतर महाकवि तुलसीदास विश्वविद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराएंगे। उन्होंने इसे क्षेत्र के शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने क्षेत्र की गंभीर समस्या बेरोजगारी पर भी चिंता जताई। त्रिलोकी नाथ तिवारी ने कहा कि कर्नलगंज क्षेत्र में फैक्ट्रियों की स्थापना कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को रोजगार की तलाश में महानगरों की ओर पलायन न करना पड़े।
अपने वादों को लेकर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि वह चुनाव जीतने के बाद एक माह के भीतर अपने वादों को पूरा नहीं कर पाते हैं, तो वह विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। इस दौरान उन्होंने सौगंधपूर्वक कर्नलगंज क्षेत्र में महाकवि तुलसीदास विश्वविद्यालय बनाए जाने की बात दोहराई।
गौरतलब है कि कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित प्रत्याशियों द्वारा जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिए गए हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव एवं संभावित प्रत्याशी त्रिलोकी नाथ तिवारी ने शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों को सामने रखकर अपनी दावेदारी मजबूत की है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि त्रिलोकी नाथ तिवारी को 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से ब्राह्मण चेहरे के रूप में एक मजबूत प्रत्याशी माना जा रहा है। उन्होंने भी क्षेत्र में सक्रिय होकर चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar