गोंडा की करनैलगंज सीट से 6 बार विधायक रहे अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया के परिवार में छिड़ा विवाद अब जनता के बीच आ गया है। विधायक की दूसरी पत्नी मीनाक्षी के दो बेटों ने सरकारी अभिलेख (परिवार रजिस्टर) में नाम दर्ज कराने के लिए खुली बैठक बुलाई।
कटरा शाहबाजपुर के सरकारी कंपोजिट स्कूल में बैठक में कोतवाली समेत कई थानों के करीब 150 पुलिस कर्मी और एसडीएम नेहा मिश्रा पहुंचीं। उनके साथ एडीओ पंचायत राजेश वर्मा समेत तीन लेखपाल विकास सिंह, विजय कुमार व संदीप के अलावा कानूनगो राम बहादुर पांडे भी पहुंचे।
दूसरी पत्नी के बेटे कमलेंद्र ने अपने दोनों भाईयों को लेकर कहा- उनके पास कुछ नहीं बचा है। हवेली में एक कुत्ता और एक घोड़े के अलावा उनके साथ कोई नहीं है।
वहीं, पहली पत्नी के बेटे शारदेन मोहन सिंह और उनकी बुआ शैला सिंह ने कहा – यहां बाहरी लोग क्यों आए हैं। इन लोगों को मैं जानती हूं, इनको बाहर करिए, नहीं तो हम बैठक का बहिष्कार कर देंगे। इस दौरान दोनों गुटों के लोगों के बीच नारेबाजी हुई। करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में पहली पत्नी के बेटों के पक्ष में 49 लोगों ने समर्थन किया। जबकि दूसरी पत्नी के बेटों के समर्थन में 9 लोगों ने अपने नाम दर्ज कराए। मामले में दोनों पक्षों एक हफ़्ते में विधायक के वारिस होने के सबूत देने की बात कही है। उसके बाद ही परिवार रजिस्टर में नाम चढ़ाने का फैसला होगा।
विधायक ने की थी दो शादियां

दरअसल, अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया ने दो शादियां की थीं। दोनों पत्नियों के दो-दो बेटे हैं। पहली पत्नी ममता के बेटों कुंवर वेंकटेश मोहन प्रताप सिंह और कुंवर शारदेन मोहन सिंह का नाम सरकारी कागजातों में वारिस के रूप में दर्ज है लेकिन दूसरी पत्नी मीनाक्षी के दोनों बेटे कुंवर कमलेंद्र मोहन सिंह और कुंवर अजेंन मोहन सिंह का नाम उनके वारिस के रूप में कहीं दर्ज नहीं है। मीनाक्षी की बीमारी के चलते मौत हो चुकरी है।
अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया का निधन पिछले साल 23 जनवरी 2025 को हुआ था। बीती 23 जनवरी को लल्ला भैया की पहली पुण्य तिथि पर जब दूसरी पत्नी के बेटे कमलेंद्र को श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल नहीं होने दिया गया तो विवाद खुलकर सामने आया। परिवार में इसी बात को लेकर जंग छिड़ गई। इसी को लेकर खुली बैठक हो रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar