Aligarh News: रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली अलीगढ़ की वह सास एक बार फिर सुर्खियों में है, जिसने पिछले साल अपनी ही बेटी के होने वाले पति (दामाद) के साथ भागकर सबको चौंका दिया था। अब खबर है कि करीब 10 महीने तक दामाद के साथ रहने के बाद, इस ‘बेवफा’ सास ने उसे भी धोखा दे दिया है। इस बार वह अपने जीजा के साथ रफूचक्कर हो गई है।
जब मंडप सजने से पहले भागी ‘मम्मी’
यह अजीबोगरीब मामला अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था। अलीगढ़ के थाना दादों इलाके में एक घर में शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं। बेटी की शादी राहुल नाम के युवक से तय थी। लेकिन 16 अप्रैल को होने वाली शादी से ठीक 12 दिन पहले, माँ ही अपनी बेटी के होने वाले शौहर के साथ फरार हो गई। उस वक्त बेटी ने रोते हुए कहा था कि मां घर में 10 रुपये भी नहीं छोड़कर गईं। आरोप था कि वह 5 लाख के जेवर और 3.5 लाख रुपये कैश लेकर भागी थी।
घंटों मोबाइल पर बातें और फिर बिहार में आशियाना
परिजनों के अनुसार, सास ने ही राहुल को स्मार्टफोन दिलवाया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच 15-20 घंटे फोन पर बातें होने लगीं। फरार होने के बाद पुलिस ने उन्हें बरेली और कासगंज होते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर में ट्रैक किया। बाद में दबाव बढ़ने पर दोनों ने थाने में सरेंडर कर दिया था। सास का तर्क: उसने पति पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा था कि उसने मजबूरी में यह कदम उठाया। पुलिस ने तब कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे राहुल (दामाद) के साथ जाने की अनुमति दे दी थी।
10 महीने का ‘इश्क’ और दामाद को मिला धोखा
पिछले 10 महीनों से यह जोड़ा बिहार में पति-पत्नी की तरह रह रहा था। राहुल को लगा कि उसकी दुनिया बस गई है, लेकिन कहानी में अभी एक और ट्विस्ट बाकी था। राहुल का आरोप है कि अब उसकी ‘सास-पत्नी’ उसे छोड़कर अपने जीजा के साथ भाग गई है। राहुल के मुताबिक, महिला जाते-जाते उसके पास रखे 2 लाख रुपये नकद और कीमती जेवर भी ले गई है।
‘न घर का रहा, न घाट का…’
परेशान राहुल अब न्याय की गुहार लेकर अलीगढ़ के थाना दादों पहुंचा। उसने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई, लेकिन पुलिस ने यह कहकर हाथ खड़े कर लिए कि घटना बिहार की है, इसलिए केस वहीं दर्ज होगा। राहुल अब बिहार जाकर पुलिस से शिकायत करने की तैयारी कर रहा है। जिस दामाद के लिए सास ने अपनी बेटी का घर उजाड़ा था, आज वही दामाद सड़कों पर न्याय मांग रहा है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar