इकौना। कस्बा इकौना के मुबारक नगर वार्ड में सोमवार को एक बैटरी शोरूम में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में दुकान में रखा लगभग 20 लाख रुपये मूल्य का बैटरी व अन्य सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार ब्लॉक के सामने मुबारक नगर वार्ड निवासी इसरार अहमद पुत्र मुन्ना (पूर्व सभासद) की बैटरी की दुकान है। सोमवार शाम लगभग चार बजे दुकान में रखी एक बैटरी में अचानक स्पार्किंग हो गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे शोरूम में फैल गई।
दुकानदार इसरार अहमद ने तत्काल फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायर दस्ते को भी अवगत कराया। उधर, आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल चुका था। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट या बैटरी स्पार्किंग को आग का कारण माना जा रहा है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar