Husband Blocked by Wife Police Complaint Bareilly : रिश्तों में जब कड़वाहट और धमकियां जगह बना लेती हैं तो घर किसी जेल से कम नहीं लगता। बरेली की बीडीए कॉलोनी में रहने वाले एक युवक की आपबीती सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। पीड़ित पति ने सुभाषनगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देते हुए अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि उसकी पत्नी न केवल उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है बल्कि अब जानलेवा धमकियां भी दे रही है।
मैं औरत हूं, मेरी ही चलेगी
पीड़ित पति के मुताबिक विवाद की शुरुआत मकान को लेकर हुई। पत्नी लगातार दबाव बना रही है कि वह मकान उसके नाम कर दे। जब पति ने इनकार किया तो पत्नी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। आरोप है कि पत्नी सरेआम कहती है, “मैं महिला हूं, कानून मेरा साथ देगा और तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे।” इस मानसिक प्रताड़ना ने युवक को अंदर से तोड़ दिया है।
पति ब्लैकलिस्ट, गैर मर्द फेवरेट
पति ने अपनी तहरीर में जो खुलासे किए वे चौंकाने वाले हैं। पत्नी ने पिछले 7-8 महीनों से पति का नंबर ब्लॉक कर रखा है। घर में रहते हुए भी दोनों के बीच कोई संवाद नहीं होता। पति का आरोप है कि पत्नी उसे ब्लॉक कर दूसरे पुरुषों से घंटों फोन और वीडियो कॉल पर बात करती है। विरोध करने पर वह झगड़ा शुरू कर देती है और घर से बाहर चली जाती है। पीड़ित का दावा है कि पत्नी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो दूसरों से शेयर कर उसे बदनाम करने की साजिश रच रही है।
विवाद सिर्फ बातचीत तक सीमित नहीं है। पति का कहना है कि पत्नी अब सेल्फ-हार्म (खुद को नुकसान पहुंचाने) की धमकी दे रही है। वह कहती है कि वह अपने हाथ की नस काट लेगी और पूरे परिवार पर दहेज उत्पीड़न का झूठा केस लगवाकर सबको जेल भिजवा देगी। इस डर से पूरा परिवार दहशत के साये में जी रहा है।
25 लाख के जेवर पर भी हाथ साफ?
युवक ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले उसकी पत्नी के मायके वाले घर आए और करीब 25 लाख रुपये के कीमती जेवर अपने साथ ले गए। जब पति ने इस पर आपत्ति जताई तो प्रताड़ना का दौर और तेज हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पति की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ करेगी। थाना प्रभारी का कहना है कि साक्ष्यों और कॉल रिकॉर्ड्स की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar