जौनपुर: जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शाहबाबा मजार पर मत्था टेककर घर लौटते समय तीन लोगों ने लिफ्ट देने के बहाने उसे कार में बैठाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मजार पर दर्शन के लिए गई थी महिला
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार दोपहर वह शाहगंज क्षेत्र के बड़ागांव स्थित मजार पर दर्शन के लिए गई थी। देर शाम घर लौटते समय रास्ते में गांव के ही तीन लोग मिले, जिन्होंने उसे घर तक छोड़ने का कहकर कार में बैठा लिया।
झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म का आरोप
महिला का आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने कार में उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और फिर उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर झाड़ियों में ले गए। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि घटना के बाद आरोपी उसे रेलवे फाटक के पास छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया मामला संदिग्ध
इस मामले में अजीत सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। महिला द्वारा जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है, उन्होंने पहले ही महिला के खिलाफ पैसे के लेनदेन को लेकर मुकदमा दर्ज कराया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आपसी रंजिश के चलते आरोप लगाए गए हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar