बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर निर्विरोध रूप से जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। पार्टी ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में दोपहर 2:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्हें चुनाव का प्रमाणपत्र सौंपा जाएगा।
निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया
रिटर्निंग ऑफिसर और पूर्व राज्यसभा सांसद अनील प्रसाद हेगड़े ने जानकारी दी कि नामांकन वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के बाद केवल नीतीश कुमार का ही नामांकन वैध पाया गया। आज दोपहर 2:30 बजे नीतीश कुमार को आधिकारिक तौर पर निर्वाचित घोषित कर प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
लगातार चौथी बार संभालेंगे कमान
नीतीश कुमार लगातार चौथी बार राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का नेतृत्व करने जा रहे हैं। हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद वे वर्तमान में दिल्ली में ही हैं। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बताया कि पार्टी के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से नीतीश कुमार से नेतृत्व संभालने का आग्रह किया था। राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने कहा, “नीतीश कुमार हमारे अभिभावक हैं। कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि वे ही कमान संभालें ताकि बिहार की प्रगति और पार्टी की मजबूती बनी रहे।”
केसी त्यागी ने अटकलों पर लगाया विराम
हाल ही में राज्यसभा सीट के आवंटन को लेकर व्यक्तिगत मतभेदों की खबरों के बीच, वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने स्पष्ट किया है कि उनके और नीतीश कुमार के बीच कोई कड़वाहट नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके संबंध पहले जैसे ही प्रगाढ़ हैं।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar