श्रावस्ती (इकौना)
श्रावस्ती जिले में बहराइच–बलरामपुर मुख्य हाईवे (NH-730) जाम करने और यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
मामला इकौना थाना क्षेत्र के मोहनीपुर के पास स्थित शक्ति फ्यूल सेंटर (BPCL) का है, जहां डीजल-पेट्रोल लेने आए करीब 50-60 लोगों ने अचानक बल्ली-पटरा लाकर मुख्य मार्ग पर रख दिया और हाईवे जाम कर दिया। इस वजह से बहराइच-बलरामपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस घटना के संबंध में थाना इकौना पर मुकदमा संख्या 79/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 नामजद आरोपियों—राजेश उर्फ राजू, अल्ताफ, जीवनलाल, ननकू, अजीत यादव, चिरागी उर्फ जसवंत, प्रदीप, मुकेश, राकेश और राजकुमार उर्फ राजा—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए चालान कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अवैध जमाव और सड़क जाम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई है और यातायात सुचारु रूप से चालू कर दिया गया है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar