गोण्डा, यूपी।
कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा नारायणपुर माझा स्थित श्री बड़की बहिनी मंदिर परिसर में मंगलवार को पांच दिवसीय संगीतमयी श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक कलश यात्रा एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरुण पूजा के साथ की गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
आयोजन के दौरान विद्वान आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया गया। कथा के प्रथम दिवस कथा व्यास ने श्री राम कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राम कथा मानव जीवन को मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

पांच दिवसीय श्री राम कथा के अंतर्गत शिव विवाह, भगवान श्री राम का जन्म, श्री राम विवाह सहित अन्य प्रमुख प्रसंगों का भावपूर्ण एवं संगीतमयी वर्णन किया जाएगा। इसके साथ ही वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा भगवान श्री राम से संबंधित भव्य झांकियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्रामवासियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने बताया कि कथा के समापन पर विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्र के लोगों ने इस धार्मिक आयोजन को आपसी सद्भाव एवं आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने वाला बताया।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar