गोण्डा- थाना वजीरगंज पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सर्राफा दुकान में हुई चोरी का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 572 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, पीली धातु की अंगूठियां, नाक की कील, कान की बालियां, ₹21,450 नगद, चोरी के उपकरण तथा चोरी में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
घटना का विवरण
13/14 फरवरी 2026 की रात कस्बा वजीरगंज स्थित सर्राफा दुकान के पीछे लगे लोहे के दरवाजे को गैस कटर से काटकर चोर दुकान में घुसे थे। अलमारी व तिजोरी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली गई थी। वादी विकास सोनी की तहरीर पर थाना वजीरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था।
22 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी करने वाला गिरोह कार से दुर्जनपुर घाट की ओर घूम रहा है। वाहन चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न जनपदों में चोरी की घटनाएं करते हैं। इससे पहले नवाबगंज (गोण्डा) और गौर (बस्ती) क्षेत्र में भी चोरी की वारदात स्वीकार की है। चोरी के आभूषण बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार अभियुक्त
रामकृपाल चौहान (जनपद बहराइच)
जगदम्बा चौहान (जनपद गोण्डा)
विवेक कुमार उर्फ बच्चन (जनपद श्रावस्ती)
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रामकृपाल के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विपुल पाण्डेय, एसओजी प्रभारी गौरव सिंह सहित कुल 16 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सफलता पर बधाई दी है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar