करनैलगंज,गोंडा-
होली पर खूनी हिंसा की आशंका, ग्राम प्रधान ने मांगी पीएसी तैनाती
चंगेरिया गांव में दो दर्जन लोगों पर साजिश का आरोप, डीएम-एसपी को जांच के निर्देश
करनैलगंज/गोण्डा।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत चंगेरिया में आगामी होली पर्व को लेकर संभावित हिंसा की आशंका जताई गई है। ग्राम प्रधान बाबूलाल ने उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सशस्त्र पुलिस बल व महिला कर्मियों की तैनाती की मांग की है।


प्रधान ने अपर मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री के विशेष सचिव को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि करीब दो दर्जन लोग राजनीतिक व व्यक्तिगत रंजिश के चलते होली के अवसर पर उपद्रव, तोड़फोड़ और हिंसा की साजिश रच सकते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि प्रतिबंधित हथियारों के साथ गांव में प्रवेश कर शीला देवी, अंजलि सिंह, सोनू, फातिमा सहित उनके घर पर हमला किया जा सकता है। महिलाओं की सुरक्षा, जनहानि और धनहानि की भी संभावना व्यक्त की गई है।


ग्राम प्रधान का कहना है कि नामित व्यक्तियों द्वारा पूर्व में धमकी दी जा चुकी है तथा विश्वसनीय सूत्रों से संभावित घटना की जानकारी मिली है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ उपद्रवियों को स्थानीय स्तर पर संरक्षण प्राप्त है।
ग्राम सुरक्षा समिति के अनुरोध पर प्रधान ने होली की पूर्व संध्या से लेकर एक सप्ताह तक गांव में पीएसी व पुलिस बल की तैनाती की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर मुख्य सचिव व विशेष सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar