गोंडा,यूपी।
जनपद के तहसील करनैलगंज क्षेत्र में चूटीपुर चौराहे के निकट उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब आसमान में बड़ी संख्या में गिद्धों का झुंड मंडराता हुआ दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कर्नलगंज-चूटीपुर मार्ग पर हजारों की संख्या में गिद्ध देखे गए, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारत में गिद्धों की प्रजाति लगभग विलुप्त हो गई थी, लेकिन अब एक बार फिर इनकी संख्या बढ़ती दिखाई दे रही है। अचानक इतनी बड़ी संख्या में गिद्धों के दिखने से ग्रामीणों में आश्चर्य के साथ उत्सुकता भी देखने को मिली। कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल फोन में कैद किया।

जानकारों के मुताबिक भारत में गिद्धों की संख्या में पिछले कुछ वर्षों में कमी आई थी, जिसका मुख्य कारण पशुओं में इस्तेमाल की जाने वाली दवा डाइक्लोफेनाक माना गया था। हालांकि सरकार और वन विभाग द्वारा संरक्षण के प्रयासों के बाद कुछ क्षेत्रों में गिद्धों की वापसी देखी जा रही है।

फिलहाल वन विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि यह कौन सी प्रजाति के गिद्ध थे और उनकी संख्या कितनी थी। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर उचित जानकारी साझा की जाए।
गौरतलब है कि गिद्ध पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि वे मृत पशुओं को खाकर संक्रमण फैलने से रोकते हैं। गोंडा में गिद्धों के बड़े झुंड का दिखना पर्यावरण के लिहाज से एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar