करंट की चपेट में आने से किशोरी की मौत
कर्नलगंज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नकहरा में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बिजली के खंभे में करंट उतरने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कामिनी (14) गांव की एक दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में लगे बिजली के खंभे को छूते ही वह करंट की चपेट में आ गई। करंट इतना तेज था कि किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि किशोरी के पिता पंचमलाल का पहले ही निधन हो चुका है और घर में उसकी मां गुड़िया देवी ही हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि खंभे में पहले से करंट उतरने की समस्या थी, लेकिन विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar