इकौना (श्रावस्ती), संवाददाता। थाना इकौना क्षेत्र के ग्राम अंधरपुरवा में जमीनी विवाद का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि न्यायालय के स्पष्ट निर्णय के बावजूद एक महिला की जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है।
पीड़िता गंगोत्री देवी पत्नी हरिश्चंद्र ने बताया कि गाटा संख्या 1572, रकबा 1.176 हेक्टेयर भूमि पर उनका वैध कब्जा है। इस भूमि को लेकर चला विवाद वर्ष 2023 में उपजिलाधिकारी, मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल तथा राजस्व परिषद द्वारा उनके पक्ष में तय किया जा चुका है। न्यायालय के आदेश के अनुसार वह भूमि की वैध स्वामिनी हैं और खतौनी में भी उनका नाम दर्ज है।
इसके बावजूद गांव के ही शेषराम पुत्र रामतेज मिश्र व उनके पुत्रों पर आरोप है कि वे दबंगई के बल पर उक्त भूमि पर अवैध निर्माण कर रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में थाना इकौना में तहरीर देकर निर्माण रुकवाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
महिला के अनुसार, जब वह अपने पुत्र के साथ निर्माण रोकने मौके पर पहुंचीं तो विपक्षियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ उन्हें दौड़ा लिया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने क्षेत्रीय विधायक और एसडीएम इकौना को भी प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जमीन को सुरक्षित कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न होने से पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar