गोंडा। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और जनस्वास्थ्य को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें और प्रत्येक कार्य की प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा, जबकि दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया जाएगा। इन अभियानों के तहत साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छर जनित बीमारियों से बचाव, टीकाकरण, जनजागरूकता और घर-घर स्वास्थ्य जांच जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, नगर निकाय, शिक्षा, पंचायती राज और बाल विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना ऐसे अभियानों की सफलता संभव नहीं है, इसलिए आम जनता को जागरूक करना बेहद जरूरी है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संत लाल पटेल, एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा, डॉ. सीके वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar