उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में ‘मिशन शक्ति–5’ के तहत पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
श्रावस्ती में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति फेज–5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और साइबर जागरूकता को बढ़ावा देना है। इसके तहत जनपद के विभिन्न थानों—कोतवाली भिनगा, सिरसिया, मल्हीपुर, हरदत्तनगर गिरंट, सोनवा, गिलौला और इकौना सहित महिला थाना व शक्ति मोबाइल टीम द्वारा स्कूलों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुलिस टीमों ने चौपाल और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उन्हें निर्भीक होकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही “शक्ति दीदी” अभियान के तहत महिलाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
साइबर सुरक्षा के तहत सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और फर्जी कॉल से बचाव के तरीके बताए गए। महिलाओं को ओटीपी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड रखने और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।
इसके अलावा यूपीकॉप ऐप और CCTNS जैसी ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी देकर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क की जानकारी भी साझा की, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाओं को त्वरित सहायता मिल सके।
श्रावस्ती पुलिस द्वारा महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar