वाराणसी में एनडीआरएफ की सतर्कता और पेशेवर दक्षता से एक युवक की जान बचा ली गई। राजघाट ब्रिज के पास गंगा नदी में कूदे युवक का टीम ने त्वरित रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, एनडीआरएफ की टीम गंगा नदी में नियमित जल गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। स्थिति को भांपते हुए टीम ने तुरंत कार्रवाई की और बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
रेस्क्यूअर्स ने गहरे पानी में कूदकर युवक तक पहुंच बनाई और उसे बाहर निकाला। बाहर निकालने पर युवक कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था, जिसके बाद टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। जीवन रक्षक उपायों के तहत सीपीआर दिया गया और शरीर से पानी निकालकर उसे होश में लाने की कोशिश की गई।
आवश्यक चिकित्सा सहायता देने के बाद युवक को सुरक्षित घाट किनारे लाया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य होने तक निगरानी की गई।
यह पूरा अभियान एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। एनडीआरएफ की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई ने एक बार फिर उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता और “सेवा और सुरक्षा” के प्रति प्रतिबद्धता को साबित किया।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस बहादुरी भरे कार्य को देखा और एनडीआरएफ टीम के रेस्क्यूअर्स की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar