Kanpur News: शादी के पवित्र बंधन को धोखे और लालच की बुनियाद पर खड़ा करने का एक सनसनीखेज मामला कानपुर में सामने आया है। जहां एक नवविवाहिता ने आरोप लगाया है कि दहेज के लालच में ससुराल वालों ने उसकी शादी जानबूझकर एक नपुंसक युवक से करा दी। 38 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी दुल्हन का घर नहीं बस सका और अब उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
पहली रात ही खुल गया राज
पीड़िता की शादी अप्रैल 2025 में हमीरपुर के एक युवक से हुई थी। शादी में करीब 38 लाख रुपये और ढेर सारा सोना-चांदी दिया गया था। दुल्हन ने बताया कि शादी के बाद पहली रात जब वह पति के कमरे में गई, तो पति ने बहाने बनाकर दूरी बना ली। कई महीनों तक यही सिलसिला चलता रहा। बाद में जब वह पति के साथ नोएडा में ताऊ-ताई के घर रहने गई, तब उसे अहसास हुआ कि उसका पति शारीरिक संबंध बनाने में पूरी तरह असमर्थ है।
दहेज और संपत्ति का बड़ा फ्रॉड
महिला का आरोप है कि शादी के वक्त न केवल पति की कमजोरी छिपाई गई, बल्कि संपत्ति को लेकर भी बड़ा झूठ बोला गया। जिस 3BHK फ्लैट को पति की संपत्ति बताया गया था, वह असल में उसके ताऊ का निकला। जब पत्नी ने विरोध किया, तो ससुराल वालों ने उसे यह कहकर चुप रहने का दबाव बनाया कि वह बस ‘नाम की पत्नी’ बनकर रहे और उसका खर्च ससुराल उठाएगा।
गहने छीने और घर से निकाला
इंकार करने पर ससुराल वालों ने महिला के साथ मारपीट की और करीब 16-17 लाख रुपये के गहने और कैश छीन लिए। 25 अक्टूबर 2025 को उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। बेबस पीड़िता ने 112 डायल कर अपनी जान बचाई और कानपुर अपने मायके पहुंची।
पुलिस की कार्रवाई
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि महिला की तहरीर पर पति समेत ससुराल के 3 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar