इकौना। महाशिवरात्रि पर्व पर कस्बा इकौना में रविवार देर रात तक श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। प्रमुख मार्गों पर गाजे-बाजे और अबीर-गुलाल के साथ भव्य शिव बारात निकाली गई, जो मजिस्ट्रेट और पुलिस की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मोहल्ला तिलक नगर स्थित शिवाला मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक, चंदन, भांग, धतूरा, दूध और अक्षत आदि से विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

रविवार शाम हिंदू धर्मावलंबियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक शिव बारात निकाली। जुलूस तिलक नगर, लाजपत नगर, महावीर नगर, चौक बाजार, बेचू बाबा, आजाद नगर, शास्त्री नगर, मुबारक नगर, कबीर नगर, गौतम नगर, बेचू बाबा चौराहा, संजय पार्क और बस स्टॉप सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से नगर भ्रमण करते हुए निकला। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।
शिव बारात को सकुशल संपन्न कराने के लिए नायब तहसीलदार (मजिस्ट्रेट) एवं थाना प्रभारी परमानंद तिवारी भारी पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर मौजूद रहे। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar