बलरामपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन के टीकाकरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर का सजीव प्रसारण मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार, बलरामपुर में आयोजित किया गया, जिसमें जनपद के जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बलरामपुर सदर के विधायक पलटूराम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार शुक्ला, डॉ. मीनाक्षी चौधरी, डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पाण्डेय, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह, डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, विनोद, आलोक रंजन, डॉ. जावेद अख्तर, अमित, सुशील सहित आशा, एएनएम, स्टाफ नर्स एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक पलटूराम ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं और महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है और यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान करेगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस टीकाकरण कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण से सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस अभियान को सफल बनाने हेतु कार्य कर रहा है। साथ ही सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक वैक्सीन पहुंचाना सुनिश्चित करें।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar