श्रावस्ती/इकौना।
थाना इकौना क्षेत्र के गोविंदपुर मोड़ पर बुधवार दोपहर एक बुजुर्ग महिला को बचाने के प्रयास में बाइक सवार अधिवक्ता असंतुलित होकर गिर पड़े, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस की मदद से सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर बहराइच रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना गिलौला क्षेत्र के ग्राम रायपुर बिलैला मौजा रहमुनिया निवासी अधिवक्ता ज्ञान प्रताप सिंह (36) अपने पड़ोसी ग्राम केरवनिया निवासी पहलवान (62) पुत्र मुनीजर सिंह के साथ बाइक से इकौना तहसील प्रैक्टिस के लिए आ रहे थे।
बताया जाता है कि सेमगढ़ा से गोविंदपुर हाईवे मोड़ के पास सरयू नहर के निकट अचानक सड़क पर एक वृद्ध महिला आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक ज्ञान प्रताप सिंह असंतुलित होकर गिर पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को सीएचसी इकौना पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि ज्ञान प्रताप सिंह के दाहिने हाथ और कूल्हे में गंभीर चोट है, जिसके चलते उन्हें ट्रॉमा सेंटर बहराइच रेफर किया गया है। वहीं दूसरे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar