जिले में फिर संदिग्ध मौत कानून व्यवस्था पर सवाल?
*********
संदिग्ध अवस्था में मिला युवक का शव,गांव में हड़कंप
पैलानी।चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव स्थित बस स्टैंड पर सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान अरुण सिंह (46) पुत्र छेदीलाल सिंह परिहार,निवासी पलरा के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार अरुण सिंह सूरत में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।दो दिन पूर्व उन्होंने अपनी मां भूरी देवी से फोन पर बातचीत में तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी।मां के कहने पर वह सूरत से घर लौट रहे थे।बताया गया कि वह संस्कार ट्रैवल्स की बस से करीब ढाई बजे पपरेंदा बस स्टैंड पर उतरे थे।सुबह ग्रामीणों ने उनका शव बस स्टैंड के पास पड़ा देखा।पूर्व प्रधान रामदयाल वर्मा ने स्थानीय चौकी को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के बैग की तलाशी ली,जिसमें कपड़े व दवाइयां मिलीं।पैंट की जेब से 4800 रुपये बरामद हुए।पास ही एक जूता पैर से निकला हुआ पाया गया।प्रथम दृष्टया कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं,हालांकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।मृतक के भतीजे रवि ने बताया कि चाचा सूरत से सीधे घर लौट रहे थे। उनकी पत्नी पप्पी इस समय मायके में रह रही हैं।मृतक के एक पुत्र यीशु और एक पुत्री लक्ष्मी हैं।परिवार के पास लगभग दो बीघा जमीन भी है।
घटना से मां भूरी देवी व पत्नी पप्पी का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी अर्पित पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar