Poonam Pandey in Vrindavan : मशहूर मॉडल और अभिनेत्री पूनम पांडे अक्सर कुछ ना कुछ ऐसा कर देती हैं या कह देती हैं जिससे एक नई कंट्रोवर्सी में फंस जाती हैं। पूनम उन एक्ट्रेसेस में से एक हैं जो प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियां बटोरती हैं। मगर इस बार ऐसा कुछ भी नहीं है। इस बार पूनम श्री प्रेमानंद जी महाराज की शरण पहुंची हैं। जहां वे बिल्कुल आध्यात्म के रंग में रंगी हुई हैं।

पांडे का आध्यात्मिक अवतार
मशहूर मॉडल और अभिनेत्री पूनम पांडे को अक्सर उनकी ग्लैमरस छवि के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल ही में उनका एक बिल्कुल अलग और आध्यात्मिक अवतार देखने को मिला। पूनम हाल ही में पावन धाम वृंदावन की यात्रा पर गई थीं, जहां उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में उनका सत्संग सुना। इस दौरान वह वृंदावन की गलियों और मंदिरों में भी घूमती नजर आईं।

मंदिर में फूट-फूटकर रोती नज़र आई
वृंदावन में उनका एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने आई थीं और वहां फूट-फूटकर रो रही थीं। इस वीडियो में पूनम ने फ्लोरल सूट पहना हुआ था और होली के रंगों में रंगी हुई दिख रही थीं। वीडियो में वह आंसू पोंछते हुए अपने चेहरे को कवर करती नजर आ रही थीं। उनकी इस भावुक अवस्था को देखकर लोग उनके बदले रूप की सराहना कर रहे हैं। कुछ लोग यह भी पूछ रहे हैं कि अचानक पूनम को क्या हो गया।

वृंदावन गलियों की सैर
इसके अलावा, पूनम के कई और वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें वह माथे पर तिलक लगाए और सफेद सूट में ई-रिक्शा में वृंदावन की गलियों में घूमती दिख रही हैं। कुछ तस्वीरों में उनका सादगी भरा रूप भी देखने को मिला। इन तस्वीरों और वीडियो को इंस्टाग्राम पर साझा किया गया है, और सोशल मीडिया पर ये तेजी से वायरल हो रहे हैं। कुल मिलाकर, पूनम का यह नया रूप और उनके आध्यात्मिक अनुभव लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar