इकौना (श्रावस्ती)। कस्बा इकौना में दिनदहाड़े चार लाख रुपये से भरा झोला चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बेचू बाबा, इकौना निवासी अभिषेक शुक्ला पुत्र बाबूराम शुक्ला बाईपास स्थित इंडियन बैंक के बगल बिल्डिंग मैटेरियल व सीमेंट-सरिया की दुकान चलाते हैं। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह दुकान के काउंटर में चार लाख रुपये से भरा झोला रखकर घर खाना खाने चले गए थे। बताया जा रहा है कि यह रकम महाजन को देने के लिए लाई गई थी।
इसी दौरान किसी अज्ञात युवक ने दुकान में घुसकर काउंटर में रखा रुपयों से भरा झोला निकाल लिया और फरार हो गया। कुछ देर बाद जब दुकानदार वापस लौटा तो काउंटर से झोला गायब मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने संदिग्ध युवक के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
घटना की सूचना पीड़ित ने सोमवार शाम थाना इकौना में लिखित तहरीर देकर दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी एवं कस्बा प्रभारी विनोद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से कस्बे के व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar