कन्नौज,
आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशों तथा जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशन में की गई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राठौर एवं विमलेश कुमार ने नगर पालिका क्षेत्र स्थित रोडवेज बस स्टेशन के पास पटेल किराना स्टोर का निरीक्षण किया। यहां से रंगीन कचरी का नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। इसके बाद तहसील क्षेत्र के मेहंदी घाट पर हरदोई की ओर से आने वाले मिलावटी पनीर की रोकथाम के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में जसोदा स्थित श्री बालाजी मिष्ठान भंडार से खोया तथा प्रमोद कुमार के प्रतिष्ठान से रंगीन बर्फी का नमूना जांच के लिए लिया गया। अभियान के दौरान 50 किलोग्राम रंगीन कचरी सीज की गई, जबकि 75 किलोग्राम दूषित व खराब रंगीन कचरी को खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा स्वयं नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6600 रुपये बताई गई।
जसोदा पुलिस चौकी के पास ई-रिक्शा संख्या यूपी 74 एटी 6203 से बिक्री हेतु ले जाई जा रही करीब 16 बोरी कचरी व नमकीन तथा तीन गत्ते कन्फेक्शनरी (अनुमानित मूल्य लगभग 20 हजार रुपये) बिल-वाउचर न होने के कारण जब्त कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए संरक्षित किए गए।

अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने एवं शुद्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री के सख्त निर्देश दिए गए। संग्रहित तीनों नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने आमजन को मिलावटी व रंगीन खाद्य पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar