सेना से 25 वर्ष सेवा के बाद गांव लौटे वीर सपूत जितेन्द्र वर्मा का भव्य स्वागत
ढोल-नगाड़ों, तिरंगा यात्रा और पुष्प वर्षा से ग्रामीणों ने किया सम्मान
धामनोद (धार), प्रतिनिधि।
धामनोद क्षेत्र के ग्राम बिखरोंन में उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब भारतीय सेना से 25 वर्ष की सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होकर गांव लौटे वीर सपूत जितेन्द्र वर्मा का ग्रामीणों ने भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया।
जैसे ही जितेन्द्र वर्मा अपने पैतृक गांव पहुंचे, पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और पूरे गांव में भव्य जुलूस निकाला।
गांव के मुख्य मार्गों को विशेष रूप से सजाया गया था। जुलूस के दौरान जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया और पुष्प वर्षा कर सम्मानित किया गया। इस स्वागत यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं शामिल हुए।
ग्रामीणों ने कहा कि जितेन्द्र वर्मा ने न केवल गांव बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका समर्पण, अनुशासन और देशभक्ति युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर गांव के वरिष्ठजनों ने शॉल और श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। पूरा वातावरण देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।
स्वागत जुलूस मुख्य मार्ग से होते हुए गांव पहुंचा और पटेल धर्मशाला में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे उपस्थित रहे। उन्होंने सैनिक की सेवा और साहस की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम के अंत में गांव के वरिष्ठजनों का भी सम्मान किया गया तथा सभी ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। ग्राम बिखरोंन द्वारा अपने वीर सपूत का इस आत्मीयता और गर्व के साथ किया गया स्वागत लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
रिपोर्ट: सौभाग प्रजापति
जिला ब्यूरो चीफ, धार
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar