कन्नौज, यूपी |
रिपोर्ट: अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती सादगी के साथ मनाई और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सपा कार्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। साथ ही लोहिया पार्क और लोहिया क्रॉसिंग पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मानपुर स्थित लोहिया पार्क में साफ-सफाई अभियान भी चलाया। इस दौरान सपा नेताओं ने प्रशासन पर पार्क की उपेक्षा का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पार्क का मुख्य गेट क्षतिग्रस्त है, बैठने की सीटें टूटी हुई हैं और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे ने कहा कि डॉ. लोहिया का सपना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे और सभी को रोजगार मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उनके सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।
सपा युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन ने कहा, “जिंदा कौमें पांच साल इंतजार नहीं करतीं।” उन्होंने इस विचार को आगे बढ़ाते हुए 2027 के चुनाव में समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया।
वरिष्ठ सपा नेता नितिन यादव ने कहा कि 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में डॉ. लोहिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी और उन्होंने भूमिगत रहकर आंदोलन का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख रजनीकांत यादव, कल्लू पांडेय, शिबू तिवारी, रिंकू सिद्धिकी, कमलेश कटियार, आनंद बाबू यादव, चंद्रभान सिंह यादव, विवेक पाल, तुफैल अहमद, सौरभ कुशवाहा, बंटी यादव, हारून खान सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar