Breaking News
Home / BREAKING NEWS / MP में सियासी-प्रशासनिक भूचाल! महिला CSP पर 50 लाख रिश्वत का आरोप, वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप

MP में सियासी-प्रशासनिक भूचाल! महिला CSP पर 50 लाख रिश्वत का आरोप, वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप


ग्वालियर। शहर में उस समय सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई जब आरटीआई कार्यकर्ता आशीष चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल करते हुए यूनिवर्सिटी सर्किल में पदस्थ महिला सीएसपी हिना खान पर 50 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप लगाया। वायरल ऑडियो को लेकर पुलिस महकमे से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का माहौल बन गया है।

आशीष चतुर्वेदी का दावा है कि ऑडियो में सुनाई देने वाली महिला की आवाज सीएसपी हिना खान की है, जबकि पुरुष की आवाज इंदौर के कारोबारी साबिर खान की बताई जा रही है। आरोप है कि यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में दर्ज एक धोखाधड़ी मामले को मैनेज करने के लिए 50 लाख रुपये की डील की बातचीत इस ऑडियो में सुनाई दे रही है।

ऑडियो में पैसों के लेन-देन की बातचीत

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर महिला आवाज कहती सुनाई दे रही है कि रकम का आधा हिस्सा यानी 25 लाख रुपये शाम तक दे दिए जाएं। वहीं पुरुष की ओर से कुछ समय मांगने की बात कही जाती है। बातचीत के दौरान एक मोबाइल नंबर नोट कराने और “यहां सब मैनेज हो गया है” जैसे शब्द भी सुनाई देने का दावा किया गया है। ऑडियो में पांच लाख रुपये का भी जिक्र बताया जा रहा है और आगे की कानूनी प्रक्रिया तथा इंदौर से अग्रिम जमानत को लेकर भी चर्चा होने की बात कही गई है।

7 करोड़ की धोखाधड़ी से जुड़ा है मामला

जानकारी के अनुसार यह पूरा विवाद जुलाई 2023 में यूनिवर्सिटी थाने में दर्ज एक धोखाधड़ी केस से जुड़ा है। न्यू कलेक्ट्रेट रोड निवासी कारोबारी जितेंद्र नागवानी ने इंदौर के साबिर खान पर करीब 7 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। नागवानी के मुताबिक उन्होंने साबिर खान को आरटीजीएस के माध्यम से पैसे दिए थे, लेकिन बाद में करीब 2 करोड़ 9 लाख रुपये के माल की आपूर्ति नहीं की गई। इस मामले में हाल ही में हाई कोर्ट ने चार महीने के भीतर चालान पेश करने के निर्देश दिए हैं।

पहले भी विवादों में रह चुकी हैं सीएसपी

सीएसपी हिना खान हाल ही में दो समुदायों के बीच हुए तनाव के दौरान “जय श्रीराम” के नारे लगाने को लेकर भी चर्चा में आई थीं। अब वायरल ऑडियो के बाद मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है।

दोनों पक्षों ने आरोपों को बताया झूठा

सीएसपी हिना खान ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वायरल ऑडियो एआई से तैयार किया गया फर्जी ऑडियो है और उन्होंने किसी से ऐसी कोई बातचीत नहीं की। उन्होंने कहा कि आरटीआई कार्यकर्ता आशीष चतुर्वेदी उन्हें जानबूझकर निशाना बना रहे हैं और उनके खिलाफ पहले से मानहानि का मामला दर्ज कराया जा चुका है।

वहीं इंदौर के कारोबारी साबिर खान ने भी ऑडियो को पूरी तरह झूठा बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी सीएसपी हिना खान से ऐसी कोई बातचीत नहीं की। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में पुलिस अधिकारियों से शिकायत करेंगे और जरूरत पड़ी तो कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे।

जांच की मांग तेज

आरटीआई कार्यकर्ता आशीष चतुर्वेदी का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत डीजीपी, आईजी और एसएसपी से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने ऑडियो को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया। अब इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।

About One India 24 Live

Check Also

वाराणसी में टोल महंगा: कैथी और डाफी प्लाजा पर 5 से 20 रुपये तक बढ़ी दरें

🔊 पोस्ट को सुनें वाराणसी। कैथी और डाफी टोल प्लाजा पर बुधवार से टोल दरों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *