सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के कूरेभार थाना क्षेत्र में रविवार को एक विवाहिता ने नहर के किनारे पेड़ से फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली कि मुंजेश नगर चौराहे के पास नहर के किनारे एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला अपनी ही साड़ी से फंदा लगाकर पेड़ से लटकी हुई है, जिसका आधा शरीर नहर के पानी में तथा आधा पानी के ऊपर था। कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि लगभग 26 वर्षीय महिला का विवाह करीब सात वर्ष पहले हुआ था और वह परिवार में किसी बात को लेकर नाराज होकर अपने ससुराल से निकल गई थी। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar