Breaking News
Home / BREAKING NEWS / कन्नौज में दिनदहाड़े पत्रकार के साथ गुंडागर्दी, मोबाइल छीना और दी जान से मारने की धमकी

कन्नौज में दिनदहाड़े पत्रकार के साथ गुंडागर्दी, मोबाइल छीना और दी जान से मारने की धमकी


कन्नौज। लोकतंत्र में पत्रकार का काम जनता की आवाज़ उठाना और सच को सामने लाना होता है, लेकिन जब सच दिखाने वाले पत्रकार को ही धमकियों और गुंडागर्दी का सामना करना पड़े, तो यह प्रेस की आज़ादी पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। ऐसा ही एक मामला कन्नौज जिले के सौरिख क्षेत्र से सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, सौरिख स्थित इंडियन गैस ऑफिस पर गैस की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया हुआ था। उसी दौरान वहां से गुजर रहे DD Today के पत्रकार अजय ने स्थिति को कैमरे में रिकॉर्ड करना शुरू किया। आरोप है कि कैमरा चलता देख गैस एजेंसी के कर्मचारी प्रियांशु गुप्ता ने पत्रकार का मोबाइल छीन लिया।

मौके पर मौजूद लोगों के विरोध के बाद मोबाइल तो वापस कर दिया गया, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। करीब डेढ़ घंटे बाद जब पत्रकार अजय अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें रोक लिया गया।

बताया जा रहा है कि प्रियांशु गुप्ता, रवि और उनके दो अन्य साथियों ने दो बाइकों से आकर पत्रकार को बीच सड़क पर घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए धमकियां दीं। आरोप है कि दबंगों ने कहा कि “सौरिख में पत्रकारिता नहीं करने देंगे, और अगर दोबारा गैस ऑफिस के सामने वीडियो बनाया तो मोबाइल छीन लेंगे।”

घटना के दौरान की आवाजें और पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद बताया जा रहा है।

गनीमत रही कि मौके पर अन्य पत्रकार और राहगीर पहुंच गए, जिससे मामला और ज्यादा नहीं बढ़ सका।

इस घटना की ऑल इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन (AIRA) के उत्तर प्रदेश के संयुक्त मंत्री अवनीश चंद्र तिवारी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अवनीश चंद्र तिवारी ने कहा कि
“यह हमला किसी एक पत्रकार पर नहीं, बल्कि प्रेस की आज़ादी पर हमला है। अगर आज हम सब एकजुट होकर आवाज़ नहीं उठाएंगे तो कल किसी भी पत्रकार को सड़क पर कवरेज करने से रोका जा सकता है।”

पत्रकार अजय ने पूरे मामले में थाने में तहरीर दे दी है। घटना से जुड़े वीडियो और सबूत भी मौजूद बताए जा रहे हैं।

About One India 24 Live

Check Also

वाराणसी में टोल महंगा: कैथी और डाफी प्लाजा पर 5 से 20 रुपये तक बढ़ी दरें

🔊 पोस्ट को सुनें वाराणसी। कैथी और डाफी टोल प्लाजा पर बुधवार से टोल दरों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *