मार्का खदान से ओवरलोड बालू वाहनों की धड़ल्ले से आवाजाही, प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल 🚛
बांदा।
बांदा जिले की मार्का खदान खंड संख्या-3 से निकल रहे बालू लदे ओवरलोड वाहनों का संचालन थमने का नाम नहीं ले रहा है। इन वाहनों की आवाजाही लगातार असोथर और थरियांव थाना क्षेत्र से होकर हो रही है। हालात ऐसे हैं कि कई बार ओवरलोड ट्रक और ट्रैक्टर सीधे थाने के सामने से गुजर जाते हैं, जिससे पुलिस, आरटीओ और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात से लेकर सुबह तक बड़ी संख्या में बालू लदे ओवरलोड वाहन सड़कों पर दौड़ते नजर आते हैं। इन वाहनों में क्षमता से कई गुना अधिक बालू भरी होती है, जिससे सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बांदा जिले की मार्का खदान खंड संख्या-3 से निकलने वाले कई वाहन असोथर और थरियांव क्षेत्र से होकर गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद परिवहन विभाग, खनन विभाग और स्थानीय पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। कई बार ये वाहन सीधे थाने के सामने से गुजर जाते हैं, जिससे प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ओवरलोडिंग के कारण सड़कों पर धूल और प्रदूषण भी बढ़ रहा है। भारी वाहनों की तेज रफ्तार से छोटे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है, जिससे क्षेत्र में हादसों की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि सड़कों की सुरक्षा बनी रहे और ओवरलोडिंग के इस खेल पर रोक लगाई जा सके।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar