इकौना (के.के. गुप्ता, संवाददाता)।
नगर पंचायत इकौना के मोहल्ला शास्त्रीनगर वार्ड में स्थित तालाब का सुंदरीकरण कार्य वर्षों पहले शुरू होने के बावजूद आज तक अधूरा पड़ा है। तालाब के किनारे बाजार का कूड़ा इकट्ठा होने से इलाके में भारी गंदगी फैल गई है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा दिक्कत रोजेदारों को हो रही है, जिन्हें नमाज और तरावीह पढ़ने के लिए पांच पीरान जामा मस्जिद जाने के दौरान इसी गंदगी भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। रोजेदार दिन में कई बार नमाज और रात में तरावीह के लिए मस्जिद आते-जाते हैं, लेकिन रास्ते के किनारे लगे कूड़े के ढेर और गंदगी के कारण उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब के सुंदरीकरण के लिए शासन द्वारा लाखों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन चारों ओर अधूरी पक्की दीवार बनाकर काम बीच में ही छोड़ दिया गया। तालाब में बाजार और बरसात का गंदा पानी भर जाने से स्थिति और खराब हो जाती है और कई बार पानी इंटरलॉकिंग सड़क के ऊपर से बहने लगता है।
इसके अलावा तालाब के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के आसपास भी कूड़े का अंबार लगा हुआ है, जिससे बिजली कर्मियों को वहां तक पहुंचने में भी परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि ईद-उल-फितर से पहले मार्ग की साफ-सफाई कराई जाए और अधूरे पड़े तालाब सुंदरीकरण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए। वहीं इसी मार्ग पर बना सुलभ शौचालय भी कई वर्षों से बंद पड़ा है, जिस पर ताला लटका रहता है और वहां किसी सफाईकर्मी की तैनाती भी नहीं है। इससे स्वच्छता अभियान की भी पोल खुलती नजर आ रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar