प्रतापगढ़- जनपद के देउम चौराहा पर समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नारायण विवाह सेवा केन्द्र का भव्य उद्घाटन किया गया। इस केन्द्र की स्थापना वरिष्ठ समाजसेवी जय प्रकाश मिश्र द्वारा की गई है। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही और कार्यक्रम पूरे उत्साह व गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।
संस्थापक जय प्रकाश मिश्र ने बताया कि यह केन्द्र सभी जातियों के लोगों के लिए समान रूप से कार्य करेगा। यहां वैदिक रीति से कुंडली मिलान कर पारदर्शी और ईमानदारीपूर्ण तरीके से वैवाहिक रिश्ते तय कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेवा, निष्ठा और विश्वास इस केन्द्र की प्राथमिकता होगी।
समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी अरविन्द ने कहा कि यह केन्द्र प्रतापगढ़ समाज के लिए वरदान साबित होगा। वहीं गुड्डू पाण्डेय ने विश्वास जताया कि इस सेवा केन्द्र में धन की कमी किसी भी जरूरतमंद के विवाह में बाधा नहीं बनने दी जाएगी।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. आर. आर. पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि यह केन्द्र जनपद का एक अनूठा प्रयास है, जिससे लोगों को बड़ी अपेक्षाएँ हैं। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
कार्यक्रम में पत्रकार अखिलेश मिश्र तथा नारायणी पब्लिक स्कूल कमयनपुर के डायरेक्टर एडवोकेट कमलेश मिश्र राजा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर साँगीपुर क्षेत्र के कई दर्जन लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया और अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
ब्यूरो रिपोर्ट: डॉ. आर. आर. पाण्डेय, प्रतापगढ़
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar