ब्यूरो रिपोर्ट: अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज- जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 8 परीक्षा केंद्रों पर 1920 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2025 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक होगी।

परीक्षा व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक, दो सहायक केंद्र व्यवस्थापक, एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट, एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस प्रभारी, परीक्षा संचालन प्रभारी, पुलिस सुरक्षा प्रभारी के साथ कक्ष निरीक्षक और सहयोगी कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा सामग्री से संबंधित स्टेशनरी बॉक्स को परीक्षा से 24 घंटे पूर्व केंद्र व्यवस्थापक द्वारा स्टैटिक मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में खोला जाएगा तथा सामग्री की जांच की जाएगी। किसी भी प्रकार की विसंगति मिलने पर तत्काल नोडल अधिकारी (पुलिस) को सूचित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा कक्ष का सीटिंग प्लान दो प्रतियों में तैयार किया जाए और परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले कक्ष के बाहर चस्पा किया जाए। परीक्षा केंद्र के बाहर रोल नंबर और कक्ष संख्या की सूची भी लगाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे और द्वितीय पाली में दोपहर 2:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी।
परीक्षा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। साथ ही बोर्ड द्वारा अधिकृत अधिकारियों को छोड़कर परीक्षा कार्य में लगे सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जमा कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा कार्य अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से पालन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अर्पित कुमार, जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, उपजिलाधिकारी छिबरामऊ और तिर्वा, उपायुक्त एनआरएलएम राजकुमार लोधी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar