Breaking News
Home / BREAKING NEWS / मिशन शक्ति फेज–5: श्रावस्ती में “बहू-बेटी सम्मेलन” के माध्यम से 700 से अधिक महिलाओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति फेज–5: श्रावस्ती में “बहू-बेटी सम्मेलन” के माध्यम से 700 से अधिक महिलाओं को किया गया जागरूक


संवाददाता: के.के. गुप्ता, श्रावस्ती

जनपद श्रावस्ती में उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज–5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु “बहू-बेटी सम्मेलन” का व्यापक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चन्द्र उत्तम के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारीगणों के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।

जनपद के 11 विभिन्न स्थानों पर आयोजित इस अभियान के दौरान 700 से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को एक मंच पर जोड़कर उन्हें सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, संवैधानिक अधिकारों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस दौरान कोतवाली भिनगा, मल्हीपुर, सोनवा, हरदत्तनगर गिरंट, गिलौला, इकौना, सिरसिया, नवीन मॉडर्न, महिला थाना एवं शक्ति मोबाइल टीमों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर सम्मेलन आयोजित किए गए। इनमें आशा बहुएँ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गृहिणियाँ, विधवा एवं तलाकशुदा महिलाएँ तथा किशोरियाँ बड़ी संख्या में शामिल हुईं।

सम्मेलन में प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, मातृशक्ति सम्बल योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना एवं नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न, साइबर अपराध एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1930, 112, 108, 1098, 102 एवं 1076 की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों को मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका समझाते हुए पंपलेट वितरित किए गए।

किशोरियों को बाल विवाह, दहेज प्रथा, साइबर अपराध तथा गुड टच-बैड टच जैसे संवेदनशील विषयों पर जागरूक किया गया तथा शिक्षा और आत्मरक्षा को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीमों एवं महिला बीट अधिकारियों द्वारा महिलाओं को आत्मरक्षा के सरल उपाय भी बताए गए तथा उन्हें निर्भीक होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

अंत में अधिकारियों ने कहा कि “मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से जनपद की प्रत्येक बहू-बेटी तक सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण का संदेश पहुँचाना पुलिस की निरंतर प्राथमिकता है।”

About One India 24 Live

Check Also

वाराणसी में टोल महंगा: कैथी और डाफी प्लाजा पर 5 से 20 रुपये तक बढ़ी दरें

🔊 पोस्ट को सुनें वाराणसी। कैथी और डाफी टोल प्लाजा पर बुधवार से टोल दरों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *