मुख्यमंत्री रेशम योजना के तहत करनपुर में प्रदर्शनी, किसानों को दी गई तकनीकी जानकारी
प्रगतिशील रेशम उत्पादकों का सम्मान, आत्मनिर्भर बनने का आह्वान
गोंडा- राजकीय रेशम फार्म करनपुर में रेशम विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री रेशम योजना के अंतर्गत एकदिवसीय जनपद स्तरीय रेशम मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेले में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से 500 से अधिक कृषकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक करनैलगंज अजय सिंह के प्रतिनिधि सूरज सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने उपस्थित कृषकों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
मेले में केंद्रीय रेशम बोर्ड के वैज्ञानिक राम लखन राम ने कृषकों को रेशम कीट पालन की तकनीकी जानकारी दी। इस दौरान प्रगतिशील रेशम उत्पादक गुड़िया और किस्मत को कार्यक्रम में शाल देकर सम्मानित किया गया। सम्मान नगर पंचायत अध्यक्ष वासुदेव सिंह द्वारा प्रदान किया गया।
जिला उद्यान अधिकारी रश्मि शर्मा और सेवानिवृत्त सहायक निदेशक रेशम आर.एल. मौर्य ने भी कृषकों को संबोधित करते हुए योजनाओं का लाभ उठाकर स्वावलंबी बनने की अपील की।
मेले में स्वयं सहायता समूह, रेशम विभाग, उद्यान विभाग और कृषि विभाग द्वारा स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम में सहायक रेशम विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, प्रतिभा यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक रेशम नितेश सिंह ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक रेशम गोंडा द्वारा किया गया।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar